– नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर क्षेत्र स्थित आश्रय गृह (शेल्टर होम) मुराईन टोला की अव्यवस्थाओं को लेकर अधिवक्ता एवं पूर्व सभासद दीपक सिंह ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष को पत्र भेजकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शेल्टर होम में रह रही वृद्ध एवं निराश्रित महिलाओं की समस्याओं को गंभीर बताते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है।
अधिवक्ता व पूर्व सभासद दीपक सिंह ने अपने पत्र में बताया कि दस जून की रात उन्हें शादीपुर चैराहे पर एक करीब 75 वर्षीय वृद्ध महिला अकेली बैठी मिली। पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि वह इलाज के लिए आई थीं, लेकिन देर होने के कारण गांव वापस जाने का कोई साधन नहीं मिल सका। इसके बाद दीपक सिंह उन्हें सरकारी आश्रय गृह में ठहराने के उद्देश्य से मुराईन टोला स्थित शेल्टर होम लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि काफी देर तक आवाज देने के बाद भी मुख्य द्वार नहीं खुला। बाद में शेल्टर होम के केयरटेकर अनुज यादव को फोन करने पर उन्होंने पहुंचकर गेट खोला। जब महिला कक्ष का दरवाजा खोला गया तो वहां का दृश्य बेहद चिंताजनक था। कमरे में मौजूद अधिकांश वृद्ध महिलाएं उमस और गर्मी से परेशान थीं तथा पसीने से लथपथ दिखाई दे रही थीं। दीपक सिंह के अनुसार महिलाओं ने बताया कि कमरे की खिड़कियां खोलने पर बड़ी संख्या में मच्छर आ जाते हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। निरीक्षण के दौरान शेल्टर होम में कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव सामने आया। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से खिड़कियों पर मच्छररोधी जाली लगाने, कूलर एवं एग्जॉस्ट फैन की व्यवस्था करने, शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने, नियमित फॉगिंग एवं विशेष सफाई अभियान चलाने तथा मुख्य द्वार पर घंटी (बेल) लगवाने की मांग की है। अधिवक्ता ने अपने पत्र में कहा है कि आश्रय गृह में रहने वाले निराश्रित, वृद्ध एवं जरूरतमंद लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से जनहित में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now