पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी।

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के हरिहरगंज स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने हुई मारपीट के बाद युवक सौरभ मिश्रा उर्फ राजा की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैर इरादतन हत्या के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में पिता और उसके दो पुत्र शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हरिहरगंज निवासी संत कुमार मिश्रा ने 14 जून को कोतवाली सदर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 11 जून की रात करीब 10 बजे उनके पुत्र सौरभ मिश्रा उर्फ राजा के साथ ननकू गुप्ता, रोशन गुप्ता और भिक्खू गुप्ता ने मारपीट की थी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 251/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को नामजद वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोशन गुप्ता उर्फ आशीष कुमार, आनंद किशोर गुप्ता उर्फ भिक्खू तथा श्यामकिशोर गुप्ता उर्फ ननकू गुप्ता निवासी रेल बाजार, हरिहरगंज शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 11 जून की रात रोशन गुप्ता और सौरभ मिश्रा उर्फ राजा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर श्यामकिशोर गुप्ता और आनंद किशोर गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि श्यामकिशोर गुप्ता के उकसाने पर तीनों ने सौरभ के साथ मारपीट की, जिससे वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपियों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन सफल न होने पर उसे वहीं छोड़कर चले गए। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि मारपीट की घटना उनके द्वारा की गई थी, हालांकि उनका उद्देश्य सौरभ मिश्रा की हत्या करना नहीं था। इसी आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के अभियोग में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक योगेन्द्र नाथ यादव, कांस्टेबल मंगल सिंह एवं रेडियो कांस्टेबल दीपक प्रजापति शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now