पक्का तालाब मार्ग पर अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर पालिका परिषद द्वारा गुरुवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने बाकरगंज से पक्का तालाब मार्ग तक फुटपाथों और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलते ही अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
नगर पालिका की टीम जैसे ही बाकरगंज से पक्का तालाब मार्ग पर पहुंची, दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने में जुट गए, लेकिन टीम ने फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथों पर फैले टीनशेड, अस्थायी ढांचे तथा अन्य अतिक्रमणों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों और अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now