CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थाना थरियांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की गई अल्टो कार बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार असोथर रोड निवासी सतेन्द्र सिंह ने थरियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी अल्टो कार घर के बाहर खड़ी थी। कार में चाबी लगी होने का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति वाहन चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना थरियांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अभय सिंह निवासी हरिहरगंज, थाना राधानगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई सिल्वर रंग की अल्टो कार, एक रेडमी मोबाइल फोन तथा 300 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने घर के बाहर चाबी लगी देख कार चोरी की थी। वह वाहन को बेचने की फिराक में अम्बापुर हाईवे पुल के नीचे ग्राहक का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय भेजते हुए पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना थरियांव पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
