मुहल्लेवासियों से पूछताछ करते अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय।
– स्कूटी सवार बदमाशों ने मचाई दहशत, फुटेज के आधार पर जांच तेज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र के खलीलनगर में देर रात एक स्थानीय पत्रकार के घर पर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाश पत्रकार के घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार देर रात दो युवक स्कूटी से पत्रकार शाहिद अली के खलीलनगर स्थित आवास के बाहर पहुंचे। कुछ देर रुकने के बाद उन्होंने फायरिंग की और तेजी से मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से एक कारतूस भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो युवक स्कूटी पर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं और फायरिंग की आवाज भी रिकॉर्ड हुई है। पीड़ित पत्रकार ने घटना को गंभीर बताते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस कर रही है।
