मार्ग में जल भराव
समाधान दिवस में ग्रामीण ने लगाई गुहार
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। बरसात शुरू होते ही खेमकरणपुर गांव की मुख्य सड़क पर जलभराव ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर भरे पानी के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। समस्या से परेशान गांव निवासी रवि यादव ने शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता ने बताया कि मुख्य सड़क पर लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। बारिश होने पर सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पशुपालकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। रवि यादव ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सड़क से जलभराव दूर कराने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके। संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं अधिशासी अधिकारी (ईओ) देवहूति पाण्डेय ने बताया कि पूर्व में ग्रामीणों के विरोध के कारण निर्माण कार्य रुक गया था। अब दोबारा मौके की जांच कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now