जन्मदिन पर रक्तदान कर युवाओं को संदेश देते राजेन्द्र कुमार।
– किसी की जिंदगी बचा सकता है एक यूनिट रक्त
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जन्मदिन को सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि समाजसेवा का अवसर बनाने का संदेश देते हुए हजारीलाल फाटक चैक निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने 55वें जन्मदिन पर स्वैच्छिक रक्तदान कर प्रेरणादायक मिसाल पेश की। उन्होंने सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के वरिष्ठ सदस्य अजय कुमार साहू की प्रेरणा से मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके इस सामाजिक योगदान की सराहना की। राजेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि जन्मदिन को यादगार बनाने का सबसे अच्छा तरीका किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में योगदान देना है। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि हमारा थोड़ा-सा रक्त किसी के लिए जीवनदान बन सकता है। इस अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के गुरमीत सिंह, अजय कुमार साहू तथा मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव और विष्णु मौजूद रहे। सभी ने राजेंद्र कुमार गुप्ता के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की।
