सीएम के दौरे को लेकर मदारीपुर कला मैदान का जायजा लेतीं डीएम व एसपी।
– योगी सात सौ करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, डीएम-एसपी ने संभाली कमान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पच्चीस जुलाई को प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मदारीपुर कला मैदान में होने वाली जनसभा और विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, मंच, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, यातायात और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पच्चीस जुलाई को कानपुर-प्रयागराज हाईवे स्थित मदारीपुर कला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान जिले को लगभग सात सौ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। इनमें करीब चैदह परियोजनाओं का शिलान्यास और सात प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल, मंच, हेलीपैड, वीआईपी एवं आमजन की पार्किंग, आगमन एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक बिंदु का गहन निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जाए। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए जनसभा स्थल पर ही अस्थायी हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को कई सेक्टरों में बांटा जाएगा। प्रवेश केवल पासधारकों को मिलेगा और विभिन्न स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। नगर पालिका को मैदान में टेंट, साफ-सफाई और बारिश की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पंपिंग सेट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए व्यापक पार्किंग व्यवस्था और यातायात का विशेष प्लान तैयार किया है। ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए सैकड़ों बसों की व्यवस्था की जा रही है, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सभी तैयारियों को तय समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now