CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। विजयीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत महावतपुर असहट में यमुना तटवर्ती ग्रामीणों को बाढ़ और जलभराव से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए शुक्रवार को चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी दी।
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि यमुना नदी के किनारे बसे गांवों में बरसात के मौसम में बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों पर ध्यान देना चाहिए और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में देर नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत पड़ने पर प्रशासन को तत्काल सूचना दें। चौपाल के दौरान अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को बाढ़ के समय सुरक्षित रहने, जरूरी सामान तैयार रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने के संबंध में जानकारी दी। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर श्रीपाल, बृजेश सिंह, अवधेश मिश्रा, एसडीएम अश्वनी पाण्डेय, तहसीलदार शैल कुमारी, सप्लाई इंस्पेक्टर विजयीपुर हरीश कुमार साहनी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
