CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बच्चों में होने वाली क्षय रोग (टीबी) की समय रहते पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में वल्र्ड हेल्थ पार्टनर्स के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने की।
प्रशिक्षण में जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश कुमार ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को बच्चों में टीबी के लक्षण, समय पर जांच, निदान और उपचार की नवीनतम प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में टीबी के मामलों की शीघ्र पहचान कर उपचार शुरू करना संक्रमण की श्रृंखला को रोकने और गंभीर जटिलताओं से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने कहा कि बच्चों में टीबी की समय पर पहचान और उपचार स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है ताकि प्रत्येक संभावित टीबी ग्रसित बच्चे तक समय पर जांच और उपचार की सुविधा पहुंचाई जा सके। इससे बच्चों को गंभीर बीमारी से बचाने के साथ-साथ समाज में टीबी के प्रसार पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार, एसीएमओ डॉ. इश्तियॉक, डॉ. पीके सिंह, डॉ. रघुनाथ सिंह, एनआरसी प्रभारी डॉ. सुरेश, डीआईओ, मोहनी साहू, महिला कल्याण विभाग के प्रतिनिधि, एसटीएस अहमद, टीबीएचवी मोहम्मद फैज सिद्दीकी, विभाग के हसीब तथा वल्र्ड हेल्थ पार्टनर्स के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अंशू वर्मा सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में बच्चों में टीबी की प्रभावी पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now