बाइक पर स्टंटबाजी करते युवक।
– बिना हेलमेट फर्राटा, स्टैंडबाजी और ओवरस्पीड हर दिन दांव पर लग रही जिंदगियां
– जागरूकता अभियान के बावजूद नहीं बदल रही तस्वीर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस और यातायात विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं, लेकिन इसका असर युवाओं पर दिखाई नहीं दे रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बड़ी संख्या में बाइक सवार युवक बिना हेलमेट तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते और खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। मानो उन्हें न अपनी जान की परवाह है और न ही दूसरों की सुरक्षा की चिंता। कई युवक तो खुलेआम बाइक पर स्टैंडबाजी करते हुए सड़कों पर फर्राटा भरते हैं, जिससे हर पल किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
यातायात पुलिस समय-समय पर स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाती है। युवाओं को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का सम्मान करने की सीख दी जाती है। इसके बावजूद हकीकत यह है कि सड़क पर निकलते ही अनेक युवक इन नियमों को ताक पर रख देते हैं। ऐसा लगता है जैसे उनके लिए सड़कें रेसिंग ट्रैक बन गई हों और स्टंटबाजी करना शौक नहीं बल्कि पहचान बन गया हो। ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्गों पर यह लापरवाही और भी अधिक देखने को मिलती है। यहां पुलिस की मौजूदगी कम होने का फायदा उठाकर कई युवक तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते हैं। बिना हेलमेट तीन-तीन लोगों को बैठाकर सफर करना, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना और स्टैंडबाजी करना आम बात बन चुकी है। कई बार राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भी ऐसे युवाओं की वजह से परेशानी और दुर्घटना का खतरा झेलना पड़ता है। तस्वीर भी यही बयां कर रही है कि कुछ युवाओं में न तो पुलिस कार्रवाई का डर दिखाई देता है और न ही मौत का खौफ। वे खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पुलिस को चुनौती देते नजर आते हैं। ऐसे में जरूरत है कि पुलिस स्टंटबाज युवाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करे। वहीं अभिभावकों को भी अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना होगा। क्योंकि सड़क पर जिम्मेदारी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है, और थोड़ी-सी लापरवाही जिंदगी भर का दर्द बन सकती है।
