– गिट्टी व धूल भरे रास्ते से गुजरेंगे शिवभक्त
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। सावन माह के पहले सोमवार को जलाभिषेक के लिए निकलने वाले कावड़ियों को इस बार नौबस्ता गंगा घाट मार्ग पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने और मार्ग पर केवल गिट्टी पड़े होने से श्रद्धालुओं के लिए यात्रा जोखिम भरी बन गई है। नंगे पैर चलकर गंगाजल लाने वाले शिवभक्तों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
सावन का पहला सोमवार तीन अगस्त को पड़ रहा है। नवयुवक कावड़िया संघ के तत्वावधान में इसकुरी गांव से बड़ी संख्या में शिवभक्त नौबस्ता गंगा घाट पहुंचकर गंगाजल भरेंगे और वहां से पैदल यात्रा करते हुए मझिलगांव स्थित प्रसिद्ध कुंडेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए रवाना होंगे। संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से होकर गुजरते हैं, लेकिन इस बार सड़क निर्माण कार्य बीच में रुक जाने से रास्ता बेहद खराब हो गया है। जगह-जगह गिट्टी और धूल फैली हुई है, जिससे नंगे पैर चलने वाले कावड़ियों को चोट लगने की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि भक्तों को इस बार कठिन परिस्थितियों में यात्रा पूरी करनी होगी और इसे भोलेनाथ की परीक्षा मानकर आगे बढ़ना पड़ेगा। नवयुवक कावड़िया संघ के तहसील अध्यक्ष रवि कुमार भोले ने लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया, जिसका खामियाजा अब श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि कावड़ यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके। स्थानीय लोगों ने भी कावड़ियों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने तथा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई है।
