डीआईओएस कार्यालय पर धरना देते संघ के पदाधिकारी।
– मुख्यमंत्री को भेजा 22 सूत्रीय ज्ञापन, निराकरण की उठाई आवाज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद इकाई ने गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से प्रेषित किया। यह प्रदर्शन प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित किया गया।
जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र राजपूत एवं जिलामंत्री दिनेश कुमार सैनी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के राजकीयकरण, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली, एनपीएस की कटौती गई धनराशि को जीपीएफ खाते में स्थानांतरित करने, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, तदर्थ प्रधानाचार्यों को ग्रेड वेतन प्रदान करने, रिक्त प्रधानाचार्य पदों पर शीघ्र नियुक्ति तथा ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया की विसंगतियों को दूर करने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि जनपद स्तर पर भी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इनमें मूल्यांकन कार्य, प्रशिक्षण एवं बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े पारिश्रमिक का भुगतान, पुलिस भर्ती परीक्षा एवं अन्य कार्यों के पारिश्रमिक का भुगतान, सहायता प्राप्त विद्यालयों में कर्मचारियों की नियुक्ति, एरियर भुगतान, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर नियमित नियुक्तियां, महिला शिक्षकों के लिए विशेष अवकाश, दिव्यांग शिक्षकों को गृह जनपद में तैनाती तथा विकलांग भत्ते में समानता सहित अन्य मांगें प्रमुख हैं। शिक्षक संघ ने सरकार से मांग की कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर तरूण सिंह, विपिन गुप्ता, नीलम गौतम, पंकज कुमार, जुनैद सिद्दीकी, राम बाबू मोर्य, अमित कुमार पटेल समेत तमाम शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now