कार्यक्रम में भाग लेते सिक्ख समुदाय के लोग।
– गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में उमड़ी संगत, आदर्शों को जीवन में अपनाने का लिया संकल्प
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में शुक्रवार को सिखों के आठवें गुरु एवं बाल गुरु के रूप में विख्यात श्री गुरु हरकिशन साहिब जी का 369 वां प्रकाश उत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका, गुरुबाणी का श्रवण किया और गुरु साहिब के बताए सेवा, त्याग, करुणा एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्ञानी प्रीतम सिंह ने कहा कि गुरु हरकिशन साहिब ने मात्र आठ वर्ष की आयु में गुरु गद्दी संभालकर पूरी मानवता को निस्वार्थ सेवा, धैर्य और परोपकार का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में चेचक की महामारी के दौरान गुरु साहिब ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना पीड़ितों की सेवा कर मानवता की अद्भुत मिसाल कायम की। इस अवसर पर संगत ने श्री हरकिशन धियाइए, जिस डीठें सब दुख जाए पावन वाणी का स्मरण करते हुए अरदास की और गुरु साहिब से सभी के सुख, शांति एवं विश्व कल्याण की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि गुरु हरकिशन साहिब का जीवन आज भी समाज को प्रेम, भाईचारे, सेवा और परोपकार का संदेश देता है। प्रकाश उत्सव में जतिंदर पाल सिंह, चरनजीत सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर सिंह सोनी, सुरिंदर सिंह, मंजीत सिंह, नरिंदर सिंह रिंकू, वरिंदर सिंह पवी, सरनपाल सिंह, सतपाल सिंह, हरमंगल सिंह, गुरमीत सिंह, जसवीर सिंह बंटी, हरमिंदर सिंह, सेठी व महिलाओं में हरजीत कौर, ईशर कौर, ज्योति मालिक, मंजीत कौर, सतबीर कौर, हरविंदर कौर, प्रभजीत कौर, कुलवीर कौर, वरिंदर कौर और खुशी सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
