बैठक में आगामी कार्यक्रम की रणनीति बनाते जनहित संकल्प पार्टी के पदाधिकारी।

– जनहित संकल्प पार्टी ने पद यात्रा की समीक्षा कर बनाई अगली रणनीति
– दो सितंबर को ईको गार्डन पहुंचेंगे कार्यकर्ता, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर जनहित संकल्प पार्टी ने अब आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को डाक बंगला स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित मासिक बैठक में शनिवार को शहर में निकाली गई आरक्षण बचाओ पद यात्रा की समीक्षा की गई। साथ ही दो सितंबर को लखनऊ के ईको गार्डन में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं की भागीदारी और व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता सुरेंद्र मौर्य ने किया। बिंदकी विधानसभा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में पद यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनभागीदारी और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सरदार सेना के गुजरात प्रदेश प्रभारी डॉ. सत्येंद्र प्रखर और जिला महासचिव उदय पटेल ने भी पद यात्रा की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया।

पार्टी पदाधिकारियों ने दो सितंबर को लखनऊ के ईको गार्डन में होने वाले कार्यक्रम में जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यकर्ताओं से संपर्क बढ़ाने और कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।

जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल और बिंदकी विधानसभा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक संवाद स्थापित करने की जरूरत है।

बैठक में महासचिव अभिषेक पटेल, समाजसेवी चंद्रगुप्त मौर्य, रोशन सिंह, इकरार अहमद, राहुल सिंह, शैलेंद्र सिंह, बिंद्रेश पटेल, लालजीत विश्वकर्मा, लोहा सिंह, सरदार सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now