नौबस्ता में बारिश के पानी से क्षतिग्रस्त सड़क।

– चौकी के पास सड़क धंसने से आवागमन रोका, वैकल्पिक रास्ते से भेजे गए वाहन
– गंगा पुल-गंगापुरवा-मड़ईहार वाया नौरंगाबाद मार्ग पर किया गया डायवर्जन

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। लगातार बारिश के चलते नौबस्ता क्षेत्र में सड़क का एक हिस्सा तेज पानी के बहाव में कटकर धंस गया। नौबस्ता पुलिस चौकी के पास मार्ग क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए रायबरेली जाने वाले रास्ते पर वाहनों का आवागमन बंद करा दिया।

सड़क बंद होने से खागा-रायबरेली मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोक दिया। इसके बाद प्रशासन ने यातायात को वैकल्पिक मार्ग से संचालित कराया। वाहनों को गंगा पुल-गंगापुरवा-मड़ईहार वाया नौरंगाबाद होकर निकाला जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान सड़क किनारे पानी का दबाव बढ़ने से मिट्टी का कटाव हुआ और सड़क का हिस्सा कमजोर होकर धंस गया। मार्ग बाधित होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ खागा और रायबरेली की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

पुलिस ने लोगों से क्षतिग्रस्त स्थान पर जाने से बचने और निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण जलभराव के साथ कई स्थानों पर सड़कों को नुकसान पहुंचने की स्थिति बनी हुई है।

एसडीएम अश्वनी पांडेय ने बताया कि मौके की स्थिति की जांच के लिए राजस्व टीम भेजी गई है। लोक निर्माण विभाग को भी क्षतिग्रस्त सड़क की जानकारी दे दी गई है। मरम्मत कार्य कराकर जल्द यातायात बहाल कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now