पत्थर, डंडे और धारदार हथियारों से हमला, चार लोग घायल; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

CITY NEWS FATEHPUR

खागा/फतेहपुर(CNF)। थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के काशीदासपुर टिकरी गांव में पत्नी को मायके से वापस ले जाने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पत्नी के साथ जाने से इनकार करने पर पति ने अपने गांव से करीब सात लोगों को बुला लिया। इसके बाद घर में घुसकर परिजनों पर पत्थर, डंडे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार रहमतपुर खखरेरू निवासी गुफरान की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व ताजमीन के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले गुफरान अपनी पत्नी को मायके काशीदासपुर टिकरी छोड़कर अल्लीपुर भादर चला गया था। इसके बाद उसने फोन कर पत्नी को वापस घर चलने के लिए कहा, लेकिन ताजमीन ने जाने से इनकार कर दिया।

आरोप है कि पत्नी के मना करने से नाराज गुफरान ने अपने गांव रहमतपुर खखरेरू से बोलेरो कार में करीब सात लोगों को बुला लिया। आरोप है कि सभी लोग हाथों में पत्थर, डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और घर में मौजूद लोगों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

मारपीट में जाबिर अली (60) के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं मकसूद (50) का सिर फटने के साथ पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। नौशाद (40) के हाथ में गंभीर चोट लगी, जबकि बचाव के लिए पहुंचे इरशाद (50) भी हमले की चपेट में आ गए और उनके सिर व हाथ में चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी मौके से भागने में सफल नहीं हो सके। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now