– गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए परिजन, इलाज के दौरान हुई मौत

– अंतिम संस्कार के बाद परिवार में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जाफरगंज थाना क्षेत्र के शुक्लनपुर बरवा गांव में जर्जर मकान की दीवार अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। घर में काम कर रहे 65 वर्षीय छत्रपाल वर्मा दीवार के मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि शुक्लनपुर बरवा निवासी छत्रपाल वर्मा मंगलवार को अपने घर के भीतर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान की एक दीवार तेज आवाज के साथ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी। घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। हादसे में छत्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

परिजन बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण काफी प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान छत्रपाल वर्मा ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

छत्रपाल की मौत से पत्नी जयकली समेत बेटे अनिल, विकास, विवेक और योगेंद्र तथा बेटी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घर में खुशी का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया। परिजनों के अनुसार शनिवार को बारा घाट स्थित यमुना नदी के किनारे छत्रपाल वर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now