– किशनपुर क्षेत्र के मददअलीपुर गांव में बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव
– पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
– मायके पक्ष की ओर से अभी नहीं दी गई कोई तहरीर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना क्षेत्र के मददअलीपुर मजरे रामपुर गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कुंडी बंद होने पर दीवार तोड़कर शव को बाहर निकाला।
बताया गया कि गांव निवासी नेमचन्द्र की पत्नी मनीषा देवी का रविवार सुबह पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस के अनुसार नेमचन्द्र नौकरी के सिलसिले में बाहर जाने की तैयारी कर रहा था। पत्नी भी उसके साथ जाने की इच्छा जता रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद मनीषा कमरे के अंदर चली गई और कुंडी बंद कर ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में मनीषा का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पति के नौकरी के लिए बाहर जाने को लेकर पत्नी के साथ विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
