CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक लोगों के लिए एक बार फिर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मत्स्य विभाग का पोर्टल 20 से 27 सितंबर तक आवेदन के लिए खुला रहेगा। पात्र आवेदक निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर योजना में शामिल परियोजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।

मत्स्य विभाग के जिला प्रभारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में उपलब्ध शेष लक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग परियोजनाओं के लिए आवेदन मांगे गए हैं। योजना के तहत सामान्य वर्ग के साथ महिलाओं और अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थियों को भी विभिन्न योजनाओं में शामिल किया जाएगा।

इनमें जलाशयों में 65 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय, बैकयार्ड आरएएस से संबंधित परियोजना तथा पारंपरिक मछुआरा परिवारों की आजीविका और पोषण से जुड़ी सहायता शामिल है। विभाग ने पात्र लोगों से निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में मत्स्य विभाग के जनपदीय, मंडलीय अथवा मत्स्य निदेशालय स्थित कार्यालय से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now