– सेफ्टी टैंक निर्माण के दौरान हुआ हादसा, मौके पर मची अफरा-तफरी

– भाई के साथ काम कर रहा था मृतक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। खागा कोतवाली क्षेत्र के खेमकरनपुर गांव में गुरुवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक खेमकरनपुर गांव निवासी बुद्दा का 39 वर्षीय पुत्र केशवलाल अपने भाई राजू के साथ गांव के ही राजकरन के यहां निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। बताया गया कि सेफ्टी टैंक निर्माण के दौरान टीन को ऊपर उठाने के लिए बांस का सहारा लिया जा रहा था।

इसी दौरान बांस ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। एचटी लाइन से बांस के छूते ही उसमें करंट उतर गया और उसकी चपेट में आने से केशवलाल गंभीर रूप से झुलस गया। देखते ही देखते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now