– 50 किलो मांस मिलने का दावा, पशु चिकित्साधिकारी ने सैंपल लेकर जांच को भेजा
CITY NEWS FATEHPUR
धाता, फतेहपुर(CNF)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डेडासई में पशु अवशेष व मांस मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। धाता थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके से करीब 50 किलो मांस बरामद होने का दावा किया है। वहीं कार्यकर्ताओं ने करीब डेढ़ क्विंटल गौवंश काटे जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार मौके से बरामद मांस की मात्रा करीब 8 से 10 किलो है। पुलिस ने बरामद मांस को कब्जे में लेकर जांच के लिए सैंपल कराया है। घटना की जानकारी पर बजरंग दल के जिला संयोजक रोहित दीक्षित, सह संयोजक रितेश सोनी, प्रखंड मंत्री भगवान दास सोनी समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही धाता पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू की। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बरामद सामग्री का सैंपल लेकर सील कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस पशु का है। वहीं थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि मौके से लगभग 8 से 10 किलो मांस मिला है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है। अब पुलिस जांच और मांस की जांच रिपोर्ट से ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
