फोटो परिचय-  आर्या अग्रवाल को गोद में लेकर उत्साहवर्धन करतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।

– संस्कृति कलारंग के लाइव कार्यक्रम के लिए हुआ चयन, वैदिक मंत्रों और श्लोकों की देंगी प्रस्तुति

– डीएम निधि गुप्ता वत्स ने गोद में लेकर बढ़ाया उत्साह, उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के लिए भेजा जाएगा नाम

CITY NEWS FATEHPUR

किशनपुर, फतेहपुर(CNF)। उम्र महज पांच साल, लेकिन संस्कृत के मंत्रों और श्लोकों पर ऐसी पकड़ कि सुनने वाला भी कुछ पल के लिए ठहर जाए। किशनपुर की नन्हीं आर्या अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा के दम पर जिले को गौरवान्वित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। वैदिक मंत्रों, गणेश स्तुति, शिव तांडव और संस्कृत श्लोकों के प्रभावशाली उच्चारण ने उसे अब टेलीविजन के लाइव मंच तक पहुंचा दिया है।

आर्या अग्रवाल का चयन भारतीय संस्कृति फाउंडेशन के अंतर्गत आयोजित होने वाले संस्कृति कलारंग कार्यक्रम के लिए किया गया है। दिव्या टीवी के लाइव कार्यक्रम में वह अपनी प्रस्तुति देंगी। इतनी कम उम्र में संस्कृत के कठिन मंत्रों और श्लोकों का सहज एवं स्पष्ट उच्चारण करना आर्या की खास पहचान बन गया है।

आर्या की प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिलती है। संस्कृत भाषा के प्रति उसकी रुचि और मंच पर बिना झिझक प्रस्तुति देने का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। संस्कृति कलारंग के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संगीत, नृत्य, कला, भक्ति और उभरती प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराया जाता है।

आर्या के चयन की जानकारी मिलते ही परिवार और कस्बे में खुशी का माहौल है। परिजनों के अनुसार उसकी प्रतिभा को देखते हुए उसका नाम उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के लिए भी भेजने की तैयारी की जा रही है।

शुक्रवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने आर्या से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने नन्हीं प्रतिभा को गोद में लेकर उसकी प्रस्तुति और संस्कृत के प्रति रुचि की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में आर्या द्वारा संस्कृत मंत्रों का प्रभावशाली उच्चारण करना सराहनीय है। उन्होंने आर्या को आगे भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।

आर्या के टीवी लाइव कार्यक्रम के लिए चयनित होने से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी उम्मीद है कि वह आने वाले समय में अपनी प्रतिभा के जरिए फतेहपुर का नाम प्रदेश और देश स्तर पर रोशन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now