– मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो टीमों ने चलाया जागरूकता अभियान
– हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत पुलिस की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर महिलाओं और किशोरियों से सीधे संवाद किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चले अभियान के दौरान टीमों ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के साथ-साथ महिला अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों और महिलाओं से होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर भी पुलिस ने लोगों को सतर्क किया। बालिकाओं को किसी भी तरह की परेशानी सामने आने पर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपाल के माध्यम से महिलाओं और ग्रामीणों से बातचीत की। टीमों ने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित शिकायतों के नियमानुसार समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान महिलाओं को सरकारी सहायता और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। पुलिस ने साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें उपलब्ध कानूनी और सरकारी सहायता तंत्र का इस्तेमाल करने के लिए सशक्त बनाना रहा।
