फोटो परिचय-  बांदा-सागर मार्ग पर गड्ढे में पलटे ई-रिक्शा से सवारियों को बाहर निकालते लोग।

– पानी से लबालब गड्ढों में ई-रिक्शा का बिगड़ रहा संतुलन, यात्रियों को लग रही चोट

– पीरनपुर में सवारियों से भरा ई-रिक्शा पलटा, लोगों ने मौके पर पहुंचकर कराया सुरक्षित

– बांदा-सागर मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह टूट चुकी है सड़क की सतह

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश ने शहर की बदहाल सड़कों की तस्वीर और भयावह कर दी है। कई प्रमुख मार्गों पर सड़क टूटने के बाद बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है। इससे वाहन चालकों के लिए सड़क और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया है। नतीजतन आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

शहर में ई-रिक्शा से सफर करने वाले लोगों के सामने सबसे अधिक जोखिम पैदा हो गया है। छोटे पहियों वाले ई-रिक्शा जैसे ही पानी से भरे गड्ढों में उतरते हैं, उनका संतुलन बिगड़ जाता है। शनिवार दोपहर पीरनपुर क्षेत्र में भी ऐसा ही हादसा हुआ। बारिश के बीच पानी से भरे गड्ढे में एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। रिक्शे में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे।

ई-रिक्शा पलटते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई और वाहन को सीधा कर उसमें फंसी सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में कुछ सवारियों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई। गनीमत रही कि हादसा बड़ा रूप नहीं ले सका।

गड्ढों में तब्दील हो रहे प्रमुख मार्ग

बारिश के कारण बांदा-सागर मार्ग समेत शहर के कई महत्वपूर्ण रास्तों की हालत लगातार बिगड़ रही है। जगह-जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी भरने के बाद उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दोपहिया वाहन चालक तो किसी तरह बचाव करते नजर आते हैं, लेकिन ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहनों के लिए स्थिति ज्यादा चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हिस्से तेजी से बढ़ रहे हैं। कई स्थानों पर वाहन चालक अचानक गड्ढे में उतरने के बाद संभल नहीं पाते। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

मरम्मत की मांग, कार्रवाई का इंतजार

लोगों का आरोप है कि सड़कों की खराब हालत की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से गड्ढों की मरम्मत को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर होने के बावजूद सड़क सुधार का काम दिखाई नहीं दे रहा है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रमुख मार्गों पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाने के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान होने वाले हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now