– जलनिकासी का इंतजाम न होने से कॉलोनी की गलियों में जगह-जगह जलभराव
– लंबे समय से मरम्मत की मांग, बारिश में परिवारों की बढ़ जाती है परेशानी
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन के साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कर्मचारी कॉलोनी में रहने वाले रेलकर्मियों और उनके परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जर्जर हो चुके सरकारी आवासों की छतों से बारिश का पानी कमरों में टपक रहा है, जबकि कॉलोनी में समुचित जलनिकासी व्यवस्था न होने से जगह-जगह पानी जमा हो गया है। ऐसे हालात में रेलकर्मियों को अपने परिवार और घरेलू सामान को बारिश के पानी से बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
रेलवे स्टेशन परिसर में करीब एक सैकड़ा कर्मचारी आवास हैं। इनमें टेक्निकल, सिग्नल, ऑपरेटिंग और इंजीनियरिंग विभाग में तैनात कर्मचारियों के परिवार रहते हैं। रेलकर्मियों का कहना है कि लंबे समय से कई आवासों की हालत खराब है। छतों में दरार और सीलन के कारण बारिश शुरू होते ही पानी टपकने लगता है। कई परिवार कमरों में पन्नी लगाकर किसी तरह बारिश के पानी को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
समस्या केवल जर्जर आवासों तक सीमित नहीं है। कॉलोनी में बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण गलियों और आवासों के आसपास पानी जमा हो जाता है। जलभराव के चलते बच्चों, बुजुर्गों और कर्मचारियों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी बनी रहती है।
रेलवे कर्मचारियों राकेश और रजत ने बताया कि छतों से पानी टपकने और जलभराव की समस्या नई नहीं है। कई बार संबंधित अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है और परिवारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
रेल कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन से जर्जर आवासों का जल्द निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कराने, छतों की लीकेज दूर करने तथा कॉलोनी में जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि आवासों की मरम्मत और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होने से बारिश के दौरान उन्हें राहत मिल सकेगी।
