फोटो परिचय-  कॉलेज गेट पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाती पुलिस।

— सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों ने गेट पर बैठकर जताया विरोध

— एसी, विज्ञान प्रयोगशाला समेत कई व्यवस्थाओं को लेकर उठाई आवाज

— डीआईओएस समेत पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुनी समस्याएं

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में सोमवार सुबह विद्यालय खुलते ही छात्रों ने विभिन्न सुविधाओं की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में एकत्र होकर गेट पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। अचानक हुए प्रदर्शन से विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर विरोध का कारण जाना और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। प्रदर्शन का नेतृत्व अंकुर सोनकर ने किया।

छात्रों ने विद्यालय में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग अधिकारियों के सामने रखी। इनमें एसी की व्यवस्था और विज्ञान प्रयोगशाला की सुविधा प्रमुख रही। छात्रों का कहना था कि विद्यालय में पढ़ाई के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर किए जाने की आवश्यकता है।

मामले की जानकारी मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, कोतवाल संजय पांडेय, थानाध्यक्ष मनीष सिंह और सत्यपाल सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत के साथ ही विद्यालय प्रबंधन से भी व्यवस्थाओं और शिकायतों के संबंध में जानकारी ली।

अधिकारियों ने छात्रों की ओर से उठाए गए प्रत्येक मुद्दे को समझने का प्रयास किया। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों की जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और छात्रों की मांगों को लेकर आगे आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now