फोटो परिचय- टीबी-एचआईवी समन्वय बैठक में मौजूद सीएमओ व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।
– पांच विकासखंडों के ग्रामीण इलाकों में भी चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम
– बचाव, सावधानी और स्वास्थ्य योजनाओं की दी जा रही जानकारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। एचआईवी संक्रमण से बचाव और लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में चल रहे अभियान की बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने समीक्षा की। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित टीबी-एचआईवी समन्वय बैठक में अभियान की अब तक की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि 12 सितंबर से 12 अक्टूबर तक संचालित एचआईवी जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों और ग्रामीण आबादी को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक 60 विद्यालयों और 15 महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही पांच विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रमों के दौरान लोगों को एचआईवी संक्रमण से बचाव के उपाय, आवश्यक सावधानियां और समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की पहुंच और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। जिला क्षयरोग अधिकारी ने अभियान से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक लालचंद्र, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रशांत नारायण, काउंसलर अतुल जायसवाल, टीबी-एचआईवी कोआर्डिनेटर मो. नसीम, मो. फैज, पीपीएम राकेश, भक्तदास समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
