फोटो परिचय- पुलिस लाइन में मोबाइल के वास्तविक स्वामियों को फोन सौंपते एएसपी ज्ञान प्रकाश राय।
– सीईआईआर पोर्टल बना पुलिस के लिए मददगार, 19 लाख रुपये के फोन बरामद
– एएसपी ने पुलिस लाइन में वास्तविक स्वामियों को सौंपे उनके मोबाइल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गुम हो चुके मोबाइल फोन की तलाश में फतेहपुर पुलिस की तकनीकी निगरानी ने एक बार फिर प्रभावी नतीजे दिए हैं। पुलिस ने अभियान चलाकर अलग-अलग क्षेत्रों से 127 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार को पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। कई लोगों ने पुलिस की तकनीकी कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में गुम और खोए मोबाइल की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीसीटीएनएस टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को आधार बनाकर तकनीकी पड़ताल शुरू की। मोबाइलों की तकनीकी जानकारी और लोकेशन के आधार पर संबंधित थानों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन्हें अलग-अलग स्थानों से बरामद किया।
बरामद मोबाइलों में बिंदकी थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 20 मोबाइल मिले। वहीं कोतवाली से 14, असोथर से 12, गाजीपुर से 11, राधानगर से 10, थरियांव से आठ तथा हुसैनगंज और ललौली से सात-सात मोबाइल बरामद हुए। हथगांव और चांदपुर से छह-छह, खागा से पांच, खखरेरू से चार तथा मलवां, धाता, बकेवर और औंग से तीन-तीन मोबाइल बरामद किए गए। किशनपुर और सुल्तानपुर घोष से दो-दो तथा जहानाबाद से एक मोबाइल पुलिस के हाथ लगा। कल्याणपुर और जाफरगंज थाना क्षेत्र से कोई मोबाइल बरामद नहीं हुआ।
एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के साथ सीईआईआर पोर्टल पर भी मोबाइल की जानकारी दर्ज कराना महत्वपूर्ण है। इससे पुलिस की तकनीकी टीम को मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए पुलिस का तकनीकी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
