फोटो परिचय- पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों के साथ चर्चा करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– डीएम-एसपी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
– बाजारों में जाम रोकने को ट्रैफिक प्लान, पंडालों और मेला स्थलों पर विशेष इंतजाम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शारदीय नवरात्रि से लेकर भैया दूज तक लगातार आने वाले त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दुर्गा पूजा, विजयादशमी, दशहरा, धनतेरस, दीपावली और गोवर्धन पूजा के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, रामलीला, मेला और शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों का पहले से निरीक्षण कर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। विसर्जन स्थलों पर रोशनी, सुरक्षा, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और मानक के अनुरूप अन्य इंतजाम समय से सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने दुर्गा पंडालों को पारंपरिक स्थानों पर ही स्थापित कराने तथा आयोजन समितियों को वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए। समितियों से संबंधित थाना और चौकी को कार्यक्रम की जानकारी देने को भी कहा गया, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
साफ-सफाई से लेकर मिलावटखोरी तक निगरानी
त्योहारों के दौरान बाजारों, पंडालों, मेला स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश नगर निकायों को दिए गए। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाकर जांच और कार्रवाई करने को कहा गया।
पटाखा बिक्री पर भी रहेगी नजर
दीपावली के मद्देनजर पटाखों की बिक्री निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने तथा बिक्री स्थलों पर अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोगों से बंद स्थानों में पटाखे न जलाने की अपील की गई। विद्युत विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ किसी समस्या के तत्काल निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रखने को कहा गया।
जाम से निपटने को तैयार होगा ट्रैफिक प्लान
भीड़ वाले बाजारों और मेला स्थलों पर यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि जरूरत के अनुसार यातायात का रूट डायवर्जन किया जाए और बाजारों के आसपास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था रहे, जिससे त्योहार के दौरान लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
सादी वर्दी में भी तैनात रहेगी पुलिस
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। बाजारों, मेलों और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या माहौल खराब करने की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों को लेकर समस्याएं व सुझाव लिए गए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जिन थाना क्षेत्रों में अभी पीस कमेटी की बैठक नहीं हुई है, वहां तत्काल बैठक आयोजित कराने को कहा गया।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला, आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
