फोटो परिचय- दीवानी परिसर में मिष्ठान खिलाकर खुशी मनाते अधिवक्ता एवं समर्थक।
– नई जिम्मेदारी मिलते ही अधिवक्ताओं ने किया स्वागत, समाजहित के कार्यों को गति देने का संकल्प
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पटेल सेवा संस्थान के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी जगनायक सचान को सौंपे जाने से समर्थकों और समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है। मंगलवार को दीवानी परिसर में अधिवक्ताओं एवं समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए मिष्ठान वितरित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद जगनायक सचान ने कहा कि चयन कमेटी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्था से जुड़े सभी लोगों को साथ लेकर समाजहित में योजनाबद्ध ढंग से काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पटेल सेवा संस्थान भवन का जीर्णोद्धार उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। साथ ही संस्था की गतिविधियों को केवल भवन तक सीमित न रखते हुए जरूरतमंद लोगों की मदद और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा जिन्हें संस्था के स्तर से सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
जगनायक सचान ने संस्था से जुड़े लोगों के साथ नियमित संवाद और बैठकें आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सदस्यों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ समझकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उनके मनोनयन पर दीवानी परिसर में अधिवक्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस मौके पर राजा रंजीत सिंह पटेल एडवोकेट, सुरेश पटेल, संतोष सचान, पीके उमराव, डॉ. रामकेश सचान, हरिवंश सचान, अजय पटेल, राजू कुर्मी, जयप्रकाश और रामसागर पटेल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
