दिलावलपुर गांव में वारदात से मचा हड़कंप, सीओ बिंदकी ने मौके पर पहुंचकर की जांच।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक बेटे पर नशे की हालत में अपनी वृद्ध मां की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी बेटे की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दिलावलपुर गांव निवासी सावित्री देवी (65) पत्नी स्वर्गीय शिवचरण पटेल अपने परिवार के साथ रहती थीं। बताया जाता है कि शनिवार को उनके छोटे बेटे राजू पटेल का किसी बात को लेकर मां से विवाद हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में राजू ने ईंट-पत्थर से मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। मां की मौत और बेटे पर लगे हत्या के आरोप से ग्रामीणों में शोक और हैरानी का माहौल है। सूचना पर बकेवर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
मामले की जानकारी मिलने पर सीओ बिंदकी प्रयांक जैन भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी राजू पटेल की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
