फोटो परिचय-  विवादित भूमि का निरीक्षण करते राजस्व विभाग व एनएचएआई के अधिकारी।

– कासिमपुर अंबापुर में भूमि विवाद को लेकर दोबारा पहुंची राजस्व और एनएचएआई की टीम

– पुराने जीटी रोड की सीमा तय होने के बाद होगी अवैध कब्जे पर कार्रवाई

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। थरियांव थाना क्षेत्र के कासिमपुर अंबापुर गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। ज्वालागंज निवासी पूर्व विधायक आनंद प्रकाश लोधी के बेटे अक्षय लोधी ने अपनी खरीदी गई भूमि पर जबरन कब्जे का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

अक्षय लोधी के मुताबिक, गाटा संख्या 59ख स्थित जमीन उन्होंने एक सितंबर 2020 को खरीदी थी। उनके पिता आनंद प्रकाश लोधी ने भी 13 जून 2018 को एक प्लॉट क्रय किया था। आरोप है कि गांव के कुछ लोग विवादित भूमि पर टीनशेड डालकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।

शिकायत के बाद आठ अक्टूबर को एसडीएम सदर पिनाक मणि द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और टीनशेड हटवा दिया। हालांकि, अक्षय का कहना है कि मौके पर पड़ा मलबा अब तक नहीं हटाया गया है।

इसी मामले में सोमवार को नायब तहसीलदार सदर लक्ष्मी बाजपेई, थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर और एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। नायब तहसीलदार ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।

वहीं, एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, पहले पुराने जीटी रोड की वास्तविक सीमा का निर्धारण किया जा रहा है। इसके बाद गलत तरीके से किए गए कब्जों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अक्षय लोधी ने अधिकारियों से अपनी खरीदी गई भूमि पर अधिकार दिलाने की मांग की है। अब प्रशासन की जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now