फोटो परिचय- बहुआ के ग्रीन पार्क में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करते अतिथि एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराते ग्रामीण।
– 468 लोगों की हुई नेत्र जांच, 257 को मुफ्त चश्मे वितरित
– टीबी के संभावित 32 मरीजों का कराया गया एक्स-रे, जरूरतमंदों को मिलीं दवाएं
CITY NEWS FATEHPUR
बहुआ, फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर पंचायत बहुआ स्थित ग्रीन पार्क में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से जन कल्याण महासमिति फतेहपुर की ओर से लगाए गए शिविर में 975 लोगों ने पंजीकरण कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया और निःशुल्क दवाएं वितरित कीं।
शिविर का उद्घाटन जिला प्रभारी राहुल अग्निहोत्री और विभाकर शास्त्री ने फीता काटकर किया। इस दौरान विराज शास्त्री और कंसल्टेंट निशीत भी मौजूद रहे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना समाजसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और उन लोगों को राहत मिलती है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
नेत्र जांच में 257 लोगों को मिले चश्मे
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न जांचें की गईं। इसके अलावा 121 लोगों की एचआईवी और सिफलिस संबंधी जांच की गई। नेत्र रोग विशेषज्ञों ने 468 लोगों की आंखों की जांच की, जिनमें से 257 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। मोतियाबिंद और आंखों की अन्य गंभीर समस्याओं से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए जिला चिकित्सालय फतेहपुर रेफर किया गया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने 180 लोगों की टीबी संबंधी जांच की। इनमें बीमारी की आशंका वाले 32 लोगों का एक्स-रे कराया गया, ताकि आगे की चिकित्सीय जांच और उपचार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
स्वास्थ्य सेवा को बताया सच्ची समाजसेवा
जन कल्याण महासमिति के सचिव बीपी पांडेय ने कहा कि संस्था जरूरतमंदों, बुजुर्गों और महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। ऐसे लोगों को विशेष सहायता की जरूरत होती है, जिनके पास अस्पताल जाने के लिए कोई सहारा नहीं होता। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों तक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान विभाकर शास्त्री के जन्मदिन पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं भी दी गईं। नगर पंचायत बहुआ की अध्यक्ष रेखा वर्मा, कामता सोनी, डॉ. अमित मिश्रा नीटू, सभासद अरुण गुप्ता, मनोज श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव और डॉ. आदित्य पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया तथा ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए आयोजकों का आभार जताया।
शिविर में डॉ. रतिक गुप्ता, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. आदित्य कुमार, डॉ. पवन त्रिपाठी, फार्मासिस्ट सौरभ सिंह, परामर्शदात्री विनीता मिश्रा, नगमा, रियांका सिंह, स्टाफ नर्स श्रेया, आदर्श मिश्रा, माया देवी, रवींद्र कुमार, राघवेंद्र, मानसिंह और अमित यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। यह जानकारी संस्था के मीडिया प्रभारी अजय सिंह चौहान ने दी।
