फोटो परिचय- स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान को लेकर जारी दिशा-निर्देश।

* जिले के 25 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ से शाम चार बजे तक पड़ेंगे वोट

* मतदाता सूची में दर्ज पात्र कर्मचारियों को मताधिकार के लिए मिलेगी छुट्टी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शासन ने 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश देने का निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत इसी दिन मतदान कराया जाएगा। जिले में चुनाव की तैयारियों के बीच प्रशासन ने मतदान का समय और अवकाश संबंधी निर्देश स्पष्ट किए हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि जनपद में कुल 25 मतदेय स्थलों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। मतदाता सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त करने वाले तथा संबंधित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत पात्र कर्मचारियों को मतदान के दिन विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा। शासन का यह निर्देश प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, विभागाध्यक्षों, स्थानीय निकायों और अर्द्धशासकीय विभागों पर लागू होगा।

जिलाधिकारी ने पात्र स्नातक मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now