फोटो परिचय- मलवां थाने में थाना समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, साथ में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक।
– डीएम और एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं
– थाने के अभिलेखों, मालखाने और हवालात की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आम जनता की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था परखने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को मलवां थाने पहुंचकर थाना समाधान दिवस की कार्यवाही का जायजा लिया। अधिकारियों ने फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
थाने के निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, मालखाने तथा हवालात सहित अन्य व्यवस्थाओं की पड़ताल की। अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि थाना स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें और आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना है। इसलिए प्राप्त शिकायतों को लंबित रखने के बजाय उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी, राजस्व लेखपाल और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
