– सकूरा-मुसाफा मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को मारी टक्कर

– एक मजदूर को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया डंपर, चालक वाहन समेत फरार

– पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में पसरा सन्नाटा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना लेकर व्रत रखे बैठी पत्नी को क्या पता था कि उसका सुहाग हमेशा के लिए उजड़ जाएगा। बकेवर थाना क्षेत्र के मुसाफा चौकी अंतर्गत सकूरा-मुसाफा मार्ग पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार मोहद्दीपुर (चकपता) निवासी अशोक उर्फ बेटन (37) पुत्र चंद्रपाल पाल गुरुवार शाम अपने गांव के दो साथियों सुभाष पासवान (34) पुत्र भिखारीलाल और शिवराज (24) पुत्र धनीराम कुशवाहा के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तीनों मुसाफा से वापस आ रहे थे। इसी दौरान मुसाफा और मोहद्दीपुर गांव के बीच करीब पांच सौ मीटर पहले सामने से आए अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक डंपर के नीचे आ गया और वाहन उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद चालक मौके से भाग निकला।

हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बकेवर थाना पुलिस और मुसाफा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना में घायल सुभाष और शिवराज को उपचार के लिए भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक तीनों एक ही बाइक से गांव जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अशोक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी विनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे 15 वर्षीय बेटी शारदा, 14 वर्षीय बेटी अनुराधा और 13 वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। करवा चौथ के मौके पर पति की राह देख रही विनीता के लिए यह खबर जिंदगी का सबसे बड़ा सदमा बन गई। वहीं घायल सुभाष की पत्नी अनीता भी त्योहार पर पति के घर लौटने का इंतजार कर रही थी।

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने संभाली स्थिति

हादसे के बाद डंपर चालक के फरार होने और अशोक को काफी दूर तक घसीटे जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी रही। मौके पर जुटे लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की और घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद मोहद्दीपुर गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now