फोटो परिचय-  एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को लड्डू खिलाते पार्टी कार्यकर्ता।

– नरेश उमराव और पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा के नेतृत्व में सपाइयों ने बांटी मिठाई

– 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनने का जताया भरोसा

CITY NEWS FATEHPUR

अमौली, फतेहपुर(CNF)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मान सिंह यादव की शानदार जीत ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है। जीत की खुशी का असर जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के अमौली कस्बे में भी देखने को मिला, जहां सपा नेताओं और समर्थकों ने एकत्र होकर मिठाई बांटी और जीत का जश्न मनाया।

अमौली चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम में सपा नेता नरेश उमराव और पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के साथ एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।

जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रबल दावेदार माने जा रहे नरेश उमराव ने कहा कि मान सिंह यादव की बड़ी जीत ने विरोधियों के सामने सपा की राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। उन्होंने चुनाव में लगभग नौ हजार मतपत्रों के अवैध घोषित होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जीत का अंतर काफी बड़ा होने के कारण विरोधियों को इस आधार पर सवाल उठाने का कोई मौका नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बैलेट पेपर से मतदान कराने की भी पैरवी की।

वहीं पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा ने कहा कि बैलेट पेपर से संपन्न चुनाव का परिणाम लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं की भागीदारी और निष्पक्ष मतदान के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद काशी में भी पार्टी को मिली सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति बढ़ते विश्वास का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसमें शिक्षित मतदाताओं सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि अपनी भागीदारी निभाते हैं। मान सिंह यादव की जीत से पार्टी संगठन को मजबूती मिली है और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्राप्त हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now