– आगजनी, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

– ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, बर्न यूनिट और ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों व कर्मचारियों की रहेगी तैनाती

CITY NEWS FATEHPUR

लखनऊ(CNF)। दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहारों के दौरान संभावित दुर्घटनाओं, आगजनी और अन्य चिकित्सकीय आपात स्थितियों को देखते हुए प्रदेश के सभी सरकारी एवं स्वायत्तशासी मेडिकल कॉलेजों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशक नेहा शर्मा ने सभी मेडिकल कॉलेजों और संबद्ध अस्पतालों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश जारी किए हैं। शासन की मंशा है कि त्योहारों के दौरान किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े और आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

निर्देशों के तहत अस्पतालों के इमरजेंसी विभाग, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू और बर्न यूनिट को चौबीसों घंटे सक्रिय रखा जाएगा। इसके साथ ही एनेस्थीसिया, सर्जरी और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाएं भी लगातार चालू रहेंगी। डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता के साथ जरूरी दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और अन्य जीवन रक्षक संसाधनों का पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है।

अस्पताल पहुंचने वाले आपातकालीन मरीजों की तत्काल जांच कर उनकी स्थिति के अनुसार प्राथमिक उपचार और आगे की चिकित्सा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और जरूरतमंदों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now