फोटो परिचय- खेत में धान की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण करतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।
– कसेरुवा गांव में डीएम की मौजूदगी में संपन्न हुआ क्रॉप कटिंग प्रयोग
– किसानों से खेती-किसानी पर चर्चा कर आधुनिक एवं जैविक खेती अपनाने की अपील
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में धान की फसल के उत्पादन का वास्तविक आंकड़ा जुटाने के लिए गुरुवार को सदर तहसील क्षेत्र के कसेरुवा गांव में प्रशासन की निगरानी में क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स स्वयं मौके पर पहुंचीं और अपनी देखरेख में फसल की कटाई व मड़ाई की प्रक्रिया पूरी कराई। परीक्षण में प्रति हेक्टेयर 57 क्विंटल धान की औसत पैदावार सामने आई।
तेलियानी विकास खंड के कसेरुवा गांव में कृषक मंतूरा देवी पत्नी रामबाबू के गाटा संख्या 638 स्थित खेत में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की फसल का चयन कर कटाई कराई गई। इसके बाद धान की मड़ाई कर उपज का वजन किया गया, जिसमें कुल 24.33 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इस आधार पर फसल की औसत उत्पादकता 57 क्विंटल प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने खेत में मौजूद किसानों से बातचीत कर खेती की मौजूदा स्थिति, उत्पादन और कृषि संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ नकदी फसलों एवं औद्यानिक खेती की संभावनाएं तलाशने की सलाह दी। डीएम ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और बेहतर तौर-तरीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज और आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग के परिणामों को पूरी पारदर्शिता के साथ शासन के निर्धारित ऐप पर दर्ज किया जाए, जिससे जिले की वास्तविक कृषि उत्पादकता का सटीक आंकड़ा तैयार हो सके। इस मौके पर तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, अपर सांख्यिकी अधिकारी, ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।
