– दीपावली और छठ पूजा के दौरान अस्पतालों में 24 घंटे तैनात रहेंगे डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी

– एंबुलेंस से लेकर दवाओं और बर्न वार्ड तक की व्यवस्थाएं रहेंगी मुस्तैद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। दीपावली और छठ पूजा के दौरान किसी भी अप्रत्याशित स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को अलर्ट मोड पर रखने का निर्णय लिया है। त्योहारों के दौरान मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी सरकारी अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने जिला अस्पताल के साथ सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चौबीसों घंटे इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने को कहा है। इसके लिए चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी निर्धारित की जाएगी। संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को मुख्यालय पर मौजूद रहना अनिवार्य होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

त्योहारों के दौरान दुर्घटनाओं और आकस्मिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए 108 और एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं के साथ एंटी रैबीज वैक्सीन और सर्पदंश की दवा का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा। आतिशबाजी के दौरान आग से झुलसने वाले लोगों के उपचार के लिए ट्रामा सेंटर और बर्न केयर संबंधी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

इसके अलावा अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति, एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। पोस्टमार्टम की सुविधा भी दिन-रात उपलब्ध रहेगी। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी मरीज को इलाज के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अस्पताल या इकाई के प्रभारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन की सुविधा के लिए 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के साथ कंट्रोल रूम नंबर 8707723308 एवं 8005192654 जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now