फोटो परिचय- कौहन-मर्का पुल से गुजरते ओवरलोड डंपर।
– कौहन-मर्का यमुना पुल से धड़ल्ले से गुजर रहे मोरंग लदे भारी वाहन
– ग्रामीणों ने जताई अनहोनी की आशंका, प्रशासन से रात्रिकालीन निगरानी बढ़ाने की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। जनपद में मोरंग के अवैध एवं ओवरलोड परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खास बात यह है कि दिन के उजाले में अपेक्षाकृत कम दिखाई देने वाले भारी वाहन शाम होते ही सड़कों पर सक्रिय हो जाते हैं। बांदा की ओर से मोरंग भरकर आने वाले डंपर कौहन-मर्का यमुना पुल पार कर फतेहपुर की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। रात के समय इन वाहनों की लगातार आवाजाही ने पुल की मजबूती और आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शाम करीब सात बजे के बाद कौहन-मर्का पुल पर भारी वाहनों का आवागमन तेज हो जाता है, जो देर रात तक जारी रहता है। बांदा से आने वाले डंपर असोथर थाना क्षेत्र से होते हुए खागा, फतेहपुर और कौशांबी की ओर निकलते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक, लगभग 40 से 50 टन तक मोरंग लादकर परिवहन किया जा रहा है।
सबसे गंभीर चिंता यमुना पुल को लेकर जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी डंपरों के गुजरने के दौरान पुल में कंपन महसूस होता है। लगातार अधिक भार वाले वाहनों की आवाजाही से पुल की संरक्षा प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा असोथर क्षेत्र की कई सड़कें पहले से ही जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दिन में छिटपुट चेकिंग होने के चलते वाहन संचालक रात के समय परिवहन को प्राथमिकता देते हैं। अंधेरा होते ही भारी वाहनों की कतारें सड़कों पर दिखाई देने लगती हैं, लेकिन खनन, परिवहन और पुलिस विभाग की निगरानी उतनी प्रभावी नजर नहीं आती, जितनी इस समस्या पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी है।
ओवरलोड डंपरों से केवल पुल और सड़कों को ही नुकसान पहुंचने का खतरा नहीं है, बल्कि संकरी ग्रामीण सड़कों पर राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। धूल, तेज आवाज और भारी वाहनों की धमक से स्थानीय आबादी भी परेशान है।
मामले को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि कौहन-मर्का यमुना पुल पर रात के समय विशेष निगरानी रखी जाए, स्थायी चेकपोस्ट की व्यवस्था हो तथा निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही असोथर क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाकर ओवरलोड परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।
