– ग्राम पंचायत और विधानसभा की वोटर लिस्ट का होगा मिलान

– सूची से बाहर रह गए पात्र मतदाताओं को मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका

– एसडीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। आगामी ग्राम पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन ने मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में 17 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद ग्राम पंचायत की मतदाता सूची का विधानसभा की निर्वाचक नामावली से मिलान कराया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना है, जिनके नाम किसी कारणवश विधानसभा की वोटर लिस्ट से छूट गए हैं।

प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, मिलान के दौरान ग्राम पंचायत की सूची में दर्ज मतदाताओं का विधानसभा की सूची से सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति का नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन विधानसभा की सूची में शामिल नहीं है, तो नियमानुसार उसका नाम जुड़वाने की कार्रवाई की जाएगी।

तहसील क्षेत्र के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5,72,549 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें खागा विधानसभा क्षेत्र में 1,34,331, धाता में 1,36,458, विजयीपुर में 1,33,678 तथा हथगाम विधानसभा क्षेत्र में 1,68,082 मतदाता शामिल हैं।

इस संबंध में एसडीएम अश्वनी पांडेय ने बताया कि 17 नवंबर को अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद मतदाता सूचियों के मिलान का कार्य शुरू कराया जाएगा। इस दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम विधानसभा की सूची में नहीं मिलेंगे, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में पारदर्शिता और पात्रता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपनी वोटर लिस्ट में नाम की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित होने की नौबत न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now