फोटो परिचय-  गिरफ्तार युवक के साथ सीज की गई बाइक।

– सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद थरियांव पुलिस ने की कार्रवाई

– स्टंट में इस्तेमाल यामाहा बाइक सीज, विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। नेशनल हाईवे पर रफ्तार का रोमांच दिखाने और खतरनाक स्टंट करने का शौक एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर बाइक से स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद थरियांव पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। जांच में वीडियो की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और स्टंट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। वायरल वीडियो में एक युवक नेशनल हाईवे-2 पर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हुए खतरनाक करतब करता दिखाई दे रहा था। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह की लापरवाही से अन्य वाहन सवारों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।

थरियांव पुलिस ने वीडियो की जांच कर बाइक की पहचान यूपी-71 बीडी-9476 नंबर की यामाहा एमटी-15 के रूप में की। जांच में मोटरसाइकिल रंजीत कुमार पुत्र प्रेम शंकर निवासी विलंदा कासिमपुर, बीबी हॉल्ट कासियापुर, थाना थरियांव के नाम पंजीकृत मिली। इसके बाद पुलिस ने बाइक चला रहे युवक को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज करते हुए आरोपी के खिलाफ थाना थरियांव में मुकदमा अपराध संख्या 320/2026 दर्ज किया है। मामले में बीएनएस की धारा 281, 270 और 125 के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हाईवे और सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी कर लोगों की जिंदगी खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now