फोटो परिचय-  हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की फाइल फोटो।

– जिम जाने की तैयारी में घर से निकले थे तीनों युवक, रास्ते में काल बनकर आया तेज रफ्तार वाहन

– नऊवाबाग में एचपी पेट्रोल पंप के पास भीषण हादसा, टक्कर के बाद तीनों को रौंदता हुआ निकल गया वाहन

– एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल पहुंचकर लिया जायजा, फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)।सुबह की शुरुआत तीन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाले मातम में बदल गई। रोजमर्रा की तरह जिम जाने के लिए घर से निकले तीन दोस्तों को नऊवाबाग में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। इससे पहले कि वे संभल पाते, वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। दर्दनाक हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से शहर में शोक और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र के चित्रांश नगर निवासी स्पर्श गौतम, विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी अनुज पाल और तांबेश्वर नगर निवासी विश्वेश पटेल आपस में दोस्त थे। सोमवार की सुबह तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जिम जाने के लिए निकले थे। उनकी बाइक जैसे ही नेशनल हाईवे-2 पर नऊवाबाग स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भी पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को फरार वाहन का पता लगाने, उसकी पहचान सुनिश्चित करने और मामले में शीघ्र आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य माध्यमों से दुर्घटना में शामिल वाहन का सुराग जुटाने में लगी है। उधर, तीनों युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिन घरों से सुबह तीनों दोस्त स्वस्थ होकर निकले थे, वहां कुछ ही देर बाद चीख-पुकार गूंजने लगी। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now