– मनरेगा से लेकर ग्राम निधि और स्वच्छ भारत मिशन तक में गड़बड़ी का दावा
– शपथ-पत्र के साथ शिकायत, स्थलीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम प्रधान पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग, फर्जी भुगतान और निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर एक ग्रामीण ने शपथ-पत्र के साथ उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने मनरेगा के कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि तालाब की खुदाई मजदूरों से कराने के बजाय जेसीबी मशीन से कराई गई। आरोप है कि भुगतान के लिए नाबालिग बच्चों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया तथा बड़े काश्तकारों के नाम पर कथित फर्जी जॉब कार्ड बनवाकर धनराशि निकाली गई। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित सोकपिट, प्राथमिक विद्यालय में हैंडवाश यूनिट और शौचालय निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं।

शिकायती शपथ-पत्र में ग्राम निधि के लेन-देन को लेकर भी गंभीर आपत्ति जताई गई है। आरोप है कि ग्राम निधि खाते से समरसन नामक व्यक्ति के खाते में कई बार धनराशि स्थानांतरित की गई। वहीं सामुदायिक शौचालय में केयरटेकर की नियमित उपस्थिति नहीं होने के बावजूद उसके नाम पर भुगतान किए जाने का दावा किया गया है।

मिट्टी पुराई के कार्यों में भी कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक पक्की सड़क से अजय के खेत तक निर्धारित मानकों से अधिक मिट्टी डलवाई गई। विनय के खेत से कमता के खेत तक 50 रुपये प्रति मीटर की दर से ठेके पर काम कराने की बात कही गई है। वहीं विनय के खेत से ऋषिकेश के खेत तक मिट्टी पुराई के नाम पर दो बार भुगतान कराए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत भी संबंधित अभिलेखों और भुगतान की जानकारी मांगी थी, लेकिन उसे अब तक सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। अब शपथ-पत्र के माध्यम से अधिकारियों से मांग की गई है कि संबंधित कार्यों का मौके पर सत्यापन, अभिलेखों और भुगतान की जांच कराई जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now