फोटो परिचय- बीएसए कार्यालय परिसर में मांगों को लेकर धरना देते शिक्षक।
– पदोन्नति, स्थानांतरण और अवकाश संबंधी सुविधाएं बहाल करने की मांग
– मुख्यमंत्री व डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने अपनी लंबित समस्याओं को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाते हुए बीएसए कार्यालय परिसर में धरना दिया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जुटे शिक्षकों ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठाई और मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह और जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित धरने में शिक्षकों ने कहा कि विभागीय स्तर पर लंबे समय से उनकी विभिन्न समस्याएं अनदेखी का शिकार हैं। इससे शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, टीईटी की अनिवार्यता के मामले में राहत देने तथा प्रमाण पत्रों के सामूहिक सत्यापन की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
इसके अलावा प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने, अंतर्जनपदीय एवं पारस्परिक स्थानांतरण का लाभ देने, चयन वेतनमान की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा द्वितीय शनिवार और उपार्जित अवकाश की सुविधा उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगों को ज्ञापन में शामिल किया गया। शिक्षकों ने चेताया कि उनकी जायज समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाना जरूरी है।
इस मौके पर धीरेन्द्र सिंह सेंगर, जितेन्द्र वर्मा, लाल देवेन्द्र प्रताप सिंह, हर्षवर्धन सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, अखिलेश त्रिपाठी, योगेश पटेल, फूल सिंह राजपूत, शैलेन्द्र उमराव, अरुण वर्मा, बालेन्द्र पटेल, मनोज प्रकाश, मुनेश्वर चन्द्र, अनिल, संतोष कैथल, अनुराधा चन्द्र, विवेक सचान, प्रीती मिश्रा, पुष्पा देवी, मनोज कुमार और रमेश चन्द्र समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
