फोटो परिचय-  अयाह शाह बीआरसी में मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जांच करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।

– डीएम ने बीआरसी पहुंचकर बीएलओ के अभिलेखों का किया बारीकी से परीक्षण

– मृतक, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का सत्यापन कराने के निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को अयाह शाह ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय शाह स्थित बीआरसी का अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने विधानसभा और पंचायत निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण की प्रगति जांचने के साथ बीएलओ के रजिस्टरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा कार्य में लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतदाता सूची में नो मैपिंग, अनुपस्थित, मृतक, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं से संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा एवं पंचायत की मतदाता सूचियों का आपस में मिलान कर विसंगतियों को दूर किया जाए। प्रत्येक प्रविष्टि का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सूची में गलत नाम दर्ज न रहें और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने न पाएं।

जिलाधिकारी ने नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, नवविवाहित महिलाओं तथा किसी कारणवश सूची से वंचित रह गए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर उनके नाम जुड़वाए जाएं। इसके साथ ही फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

डीएम ने एईआरओ और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करें। घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन की वास्तविक स्थिति परखें और जहां भी कमी मिले, उसे तत्काल दुरुस्त कराएं। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए, जबकि अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाना सुनिश्चित हो। निरीक्षण के समय बीएलओ, सुपरवाइजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now