फोटो परिचय-  खागा तहसील परिसर में ईवीएम प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करतीं जिलाधिकारी।

– खागा तहसील में हुसैनगंज और खागा विधानसभा के मतदाताओं को दी गई व्यावहारिक जानकारी

– जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को मतदान की तकनीकी प्रक्रिया से रूबरू कराने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को खागा तहसील परिसर में ईवीएम और वीवीपैट के संचालन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पहुंचे नागरिकों ने मशीनों पर स्वयं मतदान का अभ्यास किया और वोट डालने की पूरी प्रक्रिया को करीब से समझा।

कार्यक्रम में हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 242 और खागा विधानसभा क्षेत्र संख्या 243 के मतदाताओं को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मौके पर पहुंचकर प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे लोगों से जानकारी प्राप्त करने के साथ ही अधिकारियों को अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा अथवा भ्रम की स्थिति न बने, इसके लिए लोगों को पहले से ही ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जागरूकता अभियान केवल तहसील मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनपद से लेकर गांव स्तर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि हर पात्र नागरिक मतदान की प्रक्रिया को समझ सके।

उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान मतदाताओं को मशीनों के संचालन का प्रत्यक्ष अभ्यास कराया जाए। साथ ही कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाताओं का जागरूक होना बेहद आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी खागा, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी पुलिस, नायब तहसीलदार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now