– 25 नवंबर से 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगा नया यातायात नियम

– निर्धारित गति से तेज वाहन चलाने पर कटेगा चालान, सुरक्षा इंतजाम भी होंगे मजबूत

CITY NEWS FATEHPUR

नई दिल्ली(CNF)। सर्दियों के दौरान कोहरे और धुंध से होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार सीमित करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत 25 नवंबर से एक्सप्रेसवे पर अधिकतम गति सीमा घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी जाएगी। इससे पहले वाहनों को अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाने की अनुमति थी। नई व्यवस्था 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी।

प्राधिकरण के मुताबिक, ठंड के मौसम में सुबह और रात के समय कोहरा छाने से सड़क पर दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे हालात में तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को गति नियंत्रण के साथ सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। 25 नवंबर से निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।

वाहन चालकों को नए नियम की जानकारी देने के लिए एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों पर चेतावनी और सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। टोल प्लाजा सहित प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर पर्चे बांटकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, रेडियो एफएम चैनलों और बड़े इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से भी सुरक्षित सफर के संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

सड़क पर सुरक्षा संकेतकों को किया जाएगा दुरुस्त

कोहरे के दौरान सड़क की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा। प्राधिकरण की जांच में सामने आया है कि कई स्थानों पर लगे रिफ्लेक्टिव टेप की चमक कम हो गई है, जिससे संकेतक और चेतावनी चिह्न दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देते। ऐसे सभी खराब टेप तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास मार्गों पर फॉग लाइट लगाने को भी कहा गया है।

प्राधिकरण ने सप्ताहांत और सार्वजनिक अवकाश के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए टोल प्लाजा पर भी विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रियों को जाम और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। संबंधित कार्यदायी एजेंसी को सभी सुरक्षा निर्देशों का समयबद्ध पालन कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now